मुजफ्फरपुर आश्रय गृह मामले में बड़े अफसरों को बचा रहे हैं नीतीश : तेजस्वी

पटना, 7 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह में लड़कियां के साथ यौनाचार के मामले में विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बड़े अधिकारियों को बचा रहे हैं।

राजद नेता तेजस्वी ने ट्वीट किया, “मुख्यमंत्री व्यवस्था में खामी होने की बात करते हैं। उन्हें यह बताना चाहिए कि आखिर व्यवस्था देखने का काम किसका है और वह किस लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं।”

उन्होंने कहा, “नीतीश जी, आप सब दोष दूसरों पर मढ़ते हैं। छोटे कर्मचारियों को फंसाते हैं। बड़े अधिकारियों को बचाते हैं क्योंकि उन्हें नहीं बचाया तो वो आपकी सारी पोल खोल देंगे।”

एक निजी संस्था द्वारा किए गए सर्वेक्षण में मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह में दुष्कर्म की बात सामने आई थी। इस मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद मुजफ्फरपुर महिला थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद विपक्ष की मांग के बाद मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश कर दी। सीबीआई जांच की निगरानी पटना उच्च न्यायालय कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी सुधार या आश्रय गृहों का संचालन निजी संस्थाओं के बजाए सरकार द्वारा करने का भी फैसला लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493