’73 प्लस’ की बात करने वाले अपने आंकड़े दुरुस्त कर लें : अखिलेश

लखनऊ, 13 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज ’73 प्लस’ का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, उन्हें अपना आंकड़ा दुरुस्त कर लेना चाहिए, क्योंकि वे तीन सीटें पहले ही हार चुके हैं।

अगले लोकसभा चुनाव के संदर्भ में भाजपा प्रमुख अमित शाह के बयान पर कटाक्ष करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “भाजपा 73 प्लस की बात करती है, लेकिन उन्हें अपनी गिनती सही कर लेनी चाहिए। तीन सीटें तो भाजपा पहले ही हार चुकी है। जहां तक परिवारवाद की बात है, आज भाजपा वाले खुद परिवारवाद कर रहे हैं। राजनाथ सिंह या कल्याण सिंह ही नहीं, इनके परिवारवाद के ढेर उदाहरण हैं।”

लखनऊ स्थित सपा पार्टी कार्यालय में सोमवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश ने बाराबंकी के 14 और सीतापुर के पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।

अखिलेश ने कहा, “यूपी के टॉपर्स को हम लैपटॉप देकर प्रदेश सरकार को ये याद दिला रहे हैं कि उन्होंने अपने वादों को पूरा नहीं किया है। हम कम बच्चों को लैपटॉप दे पाए हैं, सरकार आगे आए और बच्चों से किए वादों को पूरा करे।”

सपा अध्यक्ष ने कहा, “मुझे खुशी है कि रायबरेली का एम्स आज शुरू हो गया है। आखिरकार एम्स के लिए जमीन तो हमने ही दी थी। गोरखपुर में भी समाजवादी सरकार ने जमीन दी थी, पर वहां के काम का कुछ अता-पता ही नहीं है।”

अखिलेश ने कहा कि आज सरकार मुद्दों से हट रही है। वे पुरानी बातों पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। नोटबंदी पर भाजपा अब चुप है। उन्होंने सिर्फ जनता को गुमराह किया है। भाजपा वाले तो ऐसे लोग हैं जो गूगल को भी घुमा देते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493