जावेद उस्मानी होंगे उप्र के मुख्य सूचना आयुक्त

right-to-ignoreलखनऊ, 11 नवंबर – उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक की हरी झंडी मिलने के बाद अब जावेद उस्मानी को राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया जाएगा। उस्मानी की नियुक्ति की संस्तुति मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा की गई थी। स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन तथा नेता प्रतिपक्ष विधान सभा स्वामी प्रसाद मौर्य चयन समिति के अन्य सदस्य थे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल राम नाइक द्वारा चयन समिति की संस्तुति को सोमवार को मंजूर किया गया। अब जल्द ही शासन द्वारा इस संबंध में नियुक्ति की अधिसूचना जारी की जाएगी। प्रवक्ता ने बताया कि उस्मानी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठतम आईएएस अधिकारी हैं। वे वर्ष 1978 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उस्मानी ने आईएएस की परीक्षा में भारत में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

उस्मानी का अकादमिक कैरियर उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने वर्ष 1969 की हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में तृतीय स्थान तथा वर्ष 1971 की इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उस्मानी ने वर्ष 1973 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री हासिल की और इस परीक्षा में भी वे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान पर रहे।

उस्मानी ने वर्ष 1974 में भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम), अहमदाबाद में एमबीए के लिए प्रवेश लिया। कोर्स के दौरान दोनों वर्षो में उन्होंने संस्थान में चौथा स्थान प्राप्त किया और उन्हें ‘इंडस्ट्री स्कॉलरशिप’ भी प्रदान की गई।

वर्ष 1990-91 में उस्मानी ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एमएससी (सोशल पॉलिसी) की डिग्री भी प्राप्त की थी। उस्मानी का 36 वर्षो का बेदाग प्रशासनिक कैरियर है। इस अवधि मंे उन्होंने जिला स्तर, राज्य स्तर, केंद्र सरकार तथा विदेशों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए बृहद प्रशासनिक अनुभव प्राप्त किया है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493