वॉल्वरहैम्प्टन (इंग्लैंड), 25 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मौजूदा चैम्पियन मैनचेस्टर सिटी ने यहां शनिवार को एक रोमांचक मुकाबले में वॉल्वरहैम्प्टन वांडर्स के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला।
बीबीसी के अनुसार, इस सीजन के पहले दो मुकाबलों में धमाकेदार जीत दर्ज करने वाली सिटी की टीम इस मैच को जीतकर पूरे तीन अंक अर्जित करने में कामयाब नहीं हो पाई।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और सिटी ने मेजबान टीम के गोल पर कई हमले किए लेकिन वह पुर्तगाल के गोलकीपर रुई पैट्रिसियो को भेदने में कामयाब नहीं हो पाए।
मेहमान टीम ने दूसरे हाफ में भी अधिक समय तक गेंद को अपने नियंत्रण में रखा। हालांकि, मैच का पहला गोल मेजबान टीम के लिए विली बोली ने 57वें मिनट में किया।
एक गोल से पिछड़ने के बाद भी सिटी ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और मेजबान टीम के डिफेंस को लगातार मुश्किल में डाले रखा। मेहमान टीम के लिए बराबरी का गोल हेडर के जरिए डिफेंडर एमेरिक लार्पोटे ने 69वें मिनट में किया।
मैच के अंतिम क्षणों में सिटी को गोल करने के कई मौके मिले लेकिन वह मैच जीतने में कामयाब नहीं हो पाए।
dharmpath.com dharmpath