जकार्ता, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने रविवार को यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के आठवें दिन ग्रुप स्तर के मुकाबले में ईरान को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
भारतीय टीम ने रविवार को खेले गए पूल-ए के अपने अंतिम मुकाबले में ईरान को 3-1 से परास्त किया।
राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता मनिका बत्रा ने पहले मुकाबले में ईरान की माहशिद अशतारी को सीधे गेमों में 11-6, 11-4 और 11-3 से हराकर बेहतरीन शुरुआत की।
टेबल टेनिस में ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली ईरान की पहली महिला खिलाड़ी नेदा शाहसवारी ने पांच गेम तक चले दूसरे मुकाबले में अहिका मुखर्जी को 12-10, 9-11, 11-9, 4-11, 11-5 से हराकर अपनी टीम की वापसी कराई।
तीसरे मुकाबले में मौमा दास ने मरयम सामेत को 11-7, 11-8 से मात देते हुए भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
इसके बाद, बत्रा एवं शाहसवारी के बीच कड़ी टक्कर हुई लेकिन अंतिम गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय खिलाड़ी ने 11-7, 5-11, 12-14, 14-12, 11-1 से जीत दर्ज की।
dharmpath.com dharmpath