अररिया, 27 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में सोमवार को यात्री से भरे एक ऑटो रिक्शा के ऊपर एक ट्रक के पलट जाने से ऑटो रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौत हो गई और अन्य आठ लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, एक ट्रक दोपहर में बालू लेकर सुपौल की ओर जा रहा था, तभी सुपौल-अररिया सड़क मार्ग के मानुलापट्टी के पास ट्रक पर से चालक का नियंत्रण हट गया और विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटो को टक्कर मार ऑटो पर ही पलट गया।
भरगामा के थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं।
घटना के बाद ट्रक के चालक और सह चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath