सीहोर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को ‘मिल-बांचें मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम के राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत यहां के लाड़कुईं गांव में बच्चों की क्लास ली। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपना लक्ष्य तय करें और सफलता पाएं। इसके लिए चौहान ने अर्जुन की कहानी भी सुनाई।
चौहान बच्चों को गुरु द्रोणाचार्य और कौरव-पांडवों की कहानी सुनाते हुए कहा, “द्रोणाचार्य ने एक पेड़ पर चिड़िया की प्रतिकृति रखकर दोनों समूह के छात्रों से पूछा कि उन्हें क्या दिखाई दे रहा है। दुर्योधन ने कहा कि उसे सब कुछ दिखाई दे रहा है, जबकि अर्जुन ने कहा कि उसे तो सिर्फ चिड़िया की आंख ही दिखाई दे रही है।”
चौहान ने बच्चों का आह्वान किया कि वे अपना लक्ष्य अर्जुन की तरह तय करें और उसे हासिल करने के लिए प्रयास करें। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि वे प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई का पूरा ध्यान रखेंगे। बच्चों को साइकिल, लैपटॉप, गणवेश आदि दे रहे हैं।
लाड़कुईं के कार्यक्रम का पूरे राज्य में सीधा प्रसारण किया गया, हर स्कूल में टीवी के जरिए बच्चों ने मुख्यमंत्री के भाषण और बच्चों की क्लास का सीधा प्रसारण देखा।
विद्यालयों के बच्चों में भाषा कौशल उन्नयन, पाठ्य-पुस्तकों के अतिरिक्त अन्य पुस्तकों को पढ़ने, समझने की रुचि विकसित करने और सह-शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के बहु-आयामी विकास की दृष्टि से प्रदेश में यह कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले लागों ने स्वयं शासकीय, प्राथमिक और माध्यमिक शाला में पहुंचकर बच्चों को पाठ्य-पुस्तकों के साथ अन्य रुचिकर पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
‘मिल-बांचें मध्यप्रदेश’ का यह तीसरा आयोजन था, जिसमें लगभग ढाई लाख लोगों ने सहभागिता की। इन लोगों ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया और अपने अनुभव साझा किए।
dharmpath.com dharmpath