दिग्विजय ने युवाओं के साथ धोखा किया : शिवराज

सिंगरौली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें युवाओं के साथ अन्याय और धोखा करने वाला नेता करार दिया।

चौहान ने रविवार को अपनी जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान यहां संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के शासनकाल में युवाओं के साथ अन्याय किया, उन्हें धोखा दिया। उन्हें शिक्षाकर्मी बनाकर रखा गया।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षाकर्मियों को पहले अध्यापक बनाया, अब शिक्षक बनाकर उन्हें 40,000 से 51,000 तक का वेतन देने का निर्णय लिया है। शिक्षकों को अच्छा वेतन मिलने से शिक्षक बच्चों का बेहतर भविष्य तय कर पाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने जैन मुनि श्री तरुण सागर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मुनिश्री हमारे गुरु थे, विधानसभा में विधायकों के बीच उन्हें बुलाया था। उनकी स्मृतियां समाज के बीच सदैव प्रेरणा का काम करती रहें, इसके लिए आवश्यक रूप से कुछ योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि सिंगरौली में जो भी विकास योजनाएं हैं, उनमें स्थानीय लोगों को 50 फीसदी तक अवसर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सिंगरौली को स्मार्ट सिटी बनाने की भी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इसके लिए विस्तृत कार्य योजना बन चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493