वियतनाम : बाढ़ से 13 की मौत, 3 लापता

हनोई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। वियतनाम के उत्तरी व मध्य भागों में बीते कुछ दिनों में मूसलाधार बारिश की वजह से आई बाढ़ व भूस्खलन में 13 लोगों की मौत हो गई व तीन लापता हैं।

वियतनाम के सेंट्रल स्टीयरिंग कमेटी फॉर नेचुरल डिजास्टर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ने सोमवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह तक बाढ़ से मध्य थान्ह होआ प्रांत में नौ लोगों की मौत हो गई और तीन लोग लापता हो गए। इस बीच बाढ़ व भूस्खलन से उत्तर के चार प्रांतों होआ बिन्ह, येन बाई, सोन ला व लांग सोन में प्रत्येक में एक शख्स की मौत हो गई।

कमेटी ने कहा कि बाढ़ व भूस्खलन से 364 घर नष्ट हुए हैं और 6,523 हेक्टेयर धान व दूसरी फसलें बर्बाद हुईं हैं। इसमें 512 मवेशी व 56,367 पक्षी मारे गए व 963 हेक्टेयर एक्वाकल्चर तालाबों, 620 मीटर तटबंधों व 6174 मीटर नहरों को नुकसान पहुंचा है।

वियतनाम के कृषि व ग्रामीण विकास मंत्रालय के मुताबिक, इस साल के पहले आठ महीनों में आई प्राकृतिक आपदाएं, ज्यादातर तूफान, बाढ़ और भूस्खलन से 153 लोगों की मौत हो गई और 119 लोग घायल हो गए। इससे 7,000 अरब से ज्यादा वियतनामी डोंग (30.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर) की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493