हैदराबाद, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। तेलंगाना विधानसभा को गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की अनुशंसा पर भंग कर दिया गया।
तेलंगाना विधानसभा को कार्यकाल पूरा होने से लगभग नौ महीने पहले ही भंग कर दिया गया है।
राज्यपाल ई.एस.एल नरसिम्हन ने सदन को भंग करने के मंत्रिमंडल के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और उनकी मंत्रिमंडल परिषद को कार्यवाहक सरकार के तौर पर काम जारी रखने के लिए कहा है।
ऊहापोह की स्थिति को समाप्त करते हुए, मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास प्रगति भवन में हुई बैठक में राज्य विधानसभा ने सदन को भंग करने के प्रस्ताव को पारित कर दिया।
आधे घंटे तक चली मंत्रिमंडल की बैठक के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख चंद्रशेखर राव राज्यपाल से मुलाकात करने राजभवन गए।
कुछ मिनट बाद, राजभवन से एक बयान जारी हुआ, जिसमें कहा गया कि राज्यपाल ने सदन को भंग करने की मंत्रिमंडल की अनुशंसा मान ली है।
बयान के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को तेलंगाना राज्य के पहले विधानसभा को भंग करने की अनुशंसा सौंपी।”
बयान के अनुसार, राज्यपाल ने अनुशंसा स्वीकार करते हुए राव और उनके मंत्रिमंडल को कार्यवाहक सरकार के तौर पर कार्य करते रहने का आग्रह किया, जिसे राव ने स्वीकार कर लिया।
तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल मई 2019 तक था और सामान्य स्थिति में यहां चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ होने थे।
यहां विधानसभा चुनाव अब दिसंबर में अन्य चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ हो सकते हैं।
पिछले कुछ समय से राव राज्य में जल्द चुनाव कराने की ओर संकेत दे रहे थे।
dharmpath.com dharmpath