उप्र : कोचिंग से लौट रहे 11वीं के छात्र की पीटकर हत्या

पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि विवाद लड़की से बात करने को लेकर हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी मिली है कि बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के बगाही निवासी लखन पाल का बेटा अंकित पाल (16) 11वीं कक्षा का छात्र था। वह किदवई नगर में किदवई विद्यालय के पास आशुतोष पांडेय की कोचिंग में पढ़ता था। बुधवार शाम भी वह कोचिंग गया था। रात को घर वापस लौटते वक्त अंकित दूसरी कोचिंग की लड़की से बात करने लगा। इस बीच वहां आए दो युवकों- राजपाल और रजत से अंकित की कहासुनी होने लगी। युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और अंकित को बुरी तरह से लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया और मौके से फरार हो गए।

लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकित को हैलेट अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंकित की मौत की सूचना मिलते ही उसके घर और इलाके में गमगीन माहौल हो गया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में इलाके के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर हंगामा करने लगे। वहीं मामला बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी पहुंच गई और लोगों को शांत कराया।

वही मारपीट की घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की भी बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछपाछ में घटना के पीछे अंकित के किसी लड़की से बातचीत करने को लेकर विवाद होना बताया जा रहा है।

डिप्टी एसपी अजित कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं इंस्पेक्टर किदवई नगर अनुराग मिश्र का कहना है कि विवाद के कारणों की जांच हो रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है, साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493