शिवराज ने भीड़ को बना दिया भाजपा का सदस्य

indexभोपाल, 16 नवंबर – पूरे देश के साथ मध्य प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सदस्यता अभियान चल रहा है, सत्ता और संगठन से जुड़े लोग ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने की जुगत में हैं। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तो दतिया जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भीड़ से मोबाइल फोन पर टोल फ्री नंबर डायल करवाकर भाजपा का सदस्य बना दिया।

मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को दतिया से नगरीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तो गिनाई हीं, साथ में दतिया के विकास के लिए सतत प्रयास जारी रखने का भी भरोसा दिलाया।

इस सभा के दौरान चौहान भाजपा के सदस्यता अभियान का जिक्र करने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि दतिया में भाजपा सदस्यों की संख्या में इजाफा हो। उन्होंने भीड़ से पूछा कि क्या आप भाजपा का सदस्य बनना चाहेंगे, तो भीड़ से आवाज हां में आई।

सभा में मौजूद भीड़ की ओर से हामी भरे जाने के बाद चौहान ने जनता से कहा कि आप सभी के पास मोबाइल फोन होगा, अगर आप मेरे द्वारा बताए गए नम्बर को डायल करेंगे, तो आपके पास एक संदेश आएगा और आप भाजपा के सदस्य बन जाएंगे।

चौहान ने भीड़ से पूछा कि आपने अपना मोबाइल हाथ में ले लिया, जवाब हां में मिलने पर वे बोल कि अब मेरे द्वारा बताए गए नंबर को डायल करें। चौहान ने पार्टी की सदस्यता बनाने वाले टोल फ्री नंबर का एक-एक अंक बोला और भीड़ उसे डायल करती गई, बाद में सभी के मोबाइल पर एक संदेश आया और वे भाजपा के सदस्य बन गए।

मुख्यमंत्री द्वारा दतिया में भीड़ को सदस्य बनाए जाने पर कांग्रेस ने चुटकी ली है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के.के. मिश्रा का कहना है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सभी प्रदेशों को सदस्यता लक्ष्य दिया है, चौहान अपनी गोपनीय चरित्रावली मजबूत करने के लिए भाजपा के ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने में लगे हैं।

मिश्रा ने आगे कहा कि चौहान ने तो सदस्यता संख्या बढ़ाने के लिए उन लोगों को भी सदस्य बना दिया है जो अपराध, माफियागिरी से जुड़े होंगे और कर्मचारी तक भाजपा के सदस्य बन गए होंगे। राज्य का एक बडा वर्ग मुख्यमंत्री चौहान पर बेताहाशा भरोसा करता है, यही कारण है कि उनकी एक आवाज पर दतिया में भीड़ ने सोचे बगैर मोबाइल पर नम्बर डायल कर दिया और भाजपा के इतने सदस्य बन गए।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493