पटना, 17 नवंबर – बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कालेधन के मुद्दे पर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कालेधन के मामले में मोदी ‘हवाबाजी’ कर रहे हैं। पटना में ‘जनता दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “कालाधन के मामले में वे (मोदी) ‘हवाबाजी’ कर चुके हैं और कर रहे हैं। वे अपना वादा पूरा करें। हिन्दुस्तान की जनता उनके वादे को पूरा करने का इंतजार कर रही है।”
दलितों के लिए कई योजना चलने के बावजूद गरीबों का विकास नहीं होने से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह सही है कि जिस तेजी से गरीबों का विकास होना चाहिए, उस तेजी से विकास नहीं हुआ है परंतु राज्य सरकार नीतीश के कार्यकाल से ही इसमें तेजी लाने के लिए प्रयासरत है।
जनता दल (युनाइटेड) एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विलय से जुड़े सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए महागठबंधन आवश्यक है। विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन का परिणाम सभी लोग देख चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के लिए विशेष राज्य का दर्जा मिलना बेहद जरूरी है। यह पूरे बिहार के लोगों की मांग है।
dharmpath.com dharmpath