सीबीआई अधिकारी ने माल्या को भगाने में मदद की : राहुल (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को सीबीआई के संयुक्त निदेशक ए.के. शर्मा पर भगोड़े विजय माल्या को देश से भगाने में मदद करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि 2015 में सीबीआई में रहे शर्मा ‘नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को भी भगाने की योजना के प्रभारी थे।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि शर्मा सीबीआई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘चहेते’ हैं।

राहुल ने ट्वीट किया, “सीबीआई के संयुक्त निदेशक ए.के.शर्मा ने माल्या के ‘लुक आउट’ नोटिस को कमजोर किया और माल्या को भागने की इजाजत दी। गुजरात काडर के अधिकारी शर्मा, सीबीआई में प्रधानमंत्री के चहेते हैं। यही अधिकारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को भगाने की योजना का प्रभारी था।”

इससे पहले इस सप्ताह, राहुल ने केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली पर माल्या को देश से भगाने में ‘सांठ-गांठ’ करने का आरोप लगाया था और उनके इस्तीफे की मांग की थी।

राहुल ने पूछा था कि जेटली ने क्यों नहीं अपने व माल्या की मुलाकात के बारे में जांच एजेंसियों को बताया।

माल्या बैंकों से नौ हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर दो मार्च, 2016 को देश से भाग गया था।

माल्या फिलहाल लंदन में है, जहां एक अदालत ने उसके खिलाफ भारत के प्रत्यर्पण मामले में बुधवार को सुनवाई पूरी की है और अदालत इस मामले में 10 दिसंबर को अपना फैसला सुनाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493