भोपाल, 17 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मेगा शो के प्रचार के लिए बड़े-बड़े ‘कटआउट’ लगाए गए हैं, मगर राज्य के एक बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन कटआउटों में नजर नहीं आ रहे हैं।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सोमवार को पूरा भोपाल शहर कांग्रेस के रंग में रंगा नजर आया। हर तरफ होर्डिग, बैनर व पोस्टर लगे हुए हैं। कांग्रेस के झंडे लहरा रहे हैं। भेल दशहरा मैदान में राहुल व सोनिया गांधी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद विवेक तन्खा, पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, सांसद कांति लाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के आदमकद कटआउट लगे हैं, मगर इसमें दिग्विजय सिंह कहीं भी नजर नहीं आ रहे हैं। हां, कुछ पोस्टर व होर्डिग में दिग्विजय सिंह की तस्वीरें जरूर हैं।
दिग्विजय सिंह के कटआउट न लगाए जाने पर कांग्रेस का कोई नेता तो बोलने को तैयार नहीं है, मगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर चुटकी जरूर ली है। उन्होंने कहा, “दिग्विजय सिंह हमारे बड़े भाई हैं, मगर वे इस दुर्दशा को क्यों प्राप्त हुए, यह विचार का विषय है।”
dharmpath.com dharmpath