पणजी, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के दो अस्वस्थ मंत्रियों को सोमवार को गोवा कैबिनेट से बाहर कर दिया गया ताकि 12 सदस्यीय कैबिनेट में पार्टी के दो अन्य विधायकों के प्रवेश के लिए मार्ग प्रशस्त किया जा सके।
सरकार ने एक बयान में कहा कि मोरमुगांव से भाजपा विधायक मिलिंद नाईक और कुरचोरेम से भाजपा विधायक निलेश कबराल को शाम को राज्य कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।
बयान में कहा गया, शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में शाम चार बजे निर्धारित है।
कैबिनेट से बाहर किए जाने वाले मंत्रियों में शहरी विकास मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे फ्रांसिस डिसूजा और ऊर्जा मंत्रालय के प्रभारी पांडुरंग मडकईकर शामिल हैं।
न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में कैंसर का इलाज करा रहे डिसूजा ने आईएएनएस से फोन पर कहा, “मैं फैसले से खुश हूं। यह 20 साल से पार्टी के लिए कार्य करने का फल है। मैं केवल एक महीने से बीमार हूं।”
मडकईकर का जून से मुबंई में इलाज चल रहा है। वह ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित हैं।
dharmpath.com dharmpath