भागलपुर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। महात्मा गांधी की जयंती पर यहां मंगलवार को स्वयंसेवी संस्था अंग मदद फाउंडेशन द्वारा गांधी के जीवन चरित्र, संघर्ष और सत्याग्रह पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
चंपानगर स्थित अंग मदद फाउंडेशन के सभागार में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा कि आज जब देश और दुनिया में इंसान और इंसान के बीच की नफरत बढ़ती जा रही है। चारो ओर हिंसा का वातावरण है, ऐसे में गांधी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा, “गांधी के विचारों पर चलकर ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। समाज में सदभाव कायम रहे यह सबसे अधिक जरूरी है।”
इस समारोह की अध्यक्षता नाथनगर के प्रसिद्ध समाजसेवी संजय कुमार झा ने की।
भारती ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंग मदद फाउंडेशन अपने नि:शुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ हुनर भी जरूर सीखें।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार कुमार कृष्णन ने कहा कि गांधी सिर्फ 2 अक्टूबर और 30 जनवरी को याद करने के लिए नहीं हैं,बल्कि जीवन में उनके दर्शन को आत्मसात करने की जरूरत है।
अंग मदद फाउंडेशन की सचिव वंदना झा ने कहा कि आज इस प्रदर्शनी का शुभारंभ चंपानगर से हुआ है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को केंद्र में रखकर जगह-जगह यह प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गांधी के केंद्र में अंतिम व्यक्ति और गांव थे। उस क्षेत्र में फाउंडेशन लगातार काम कर रही है।
इस अवसर पर मनोज सिन्हा ने फाउंडेशन की ओर से महात्मा गांधी की पुस्तक भेंट की। समारोह को हिमांशु शेखर ठाकुर, त्रिपुरारी कुमार, कौस्तुभ सरकार, दीपक झा, प्रियांशु सिंह, सोनी खानम, आमरीन खान, फरहीन, प्रियंका सिंह ने भी संबोधित किया।
इस प्रदर्शनी को बड़ी संख्या में लोग देखने पहुंचे। इस चित्र प्रदर्शनी में गांधीजी के विचारों को चित्रों के साथ लगाया गया था। प्रदर्शनी में गांधीजी के कई दुर्लभ चित्रों को भी देखने का मौका लोगों को मिला, इसमें दांडी मार्च की फोटो से लेकर सांप्रदायिक दंगों के दौरान शांति के लिए गांधी के भ्रमण तक की तस्वीरें शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath