बिहार : गंगा में नहा रही महिला से दुष्कर्म का वीडियो वायरल, 2 गिरफ्तार (लीड-1)

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। यहां बाढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ उस समय दुष्कर्म किया गया, जब वह जिउतिया व्रत (जीवित पुत्रिका व्रत) के दौरान गंगा स्नान कर रही थी। इसके बाद इस कुकर्म का वीडियो भी वायरल कर दिया गया। इधर, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, एक 40 वर्षीय महिला जिउतिया पर्व पर रविवार को जब गंगा में स्नान कर रही थी, तब वहां घाट पर कोई नहीं था। इस दौरान वहां दो लोग पहुंचे और महिला को पकड़कर एक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और एक ने अपने मोबाइल में उसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद उस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों को इस घटना की जानकारी मिली।

बाढ़ के थाना प्रभारी अबरार अहमद खान ने बुधवार को बताया कि पीड़ित महिला के बयान पर मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

इधर, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि इस मामले में आरोपी शिवपूजन महतो और विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी पीड़िता के गांव के ही रहने वाले हैं। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस इस मामले की त्वरित सुनवाई कराने की कोशिश करेगी।

इधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती हालत को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।

तेजस्वी ने इस मामले को लेकर बुधवार को ट्वीट किया, “सुशासनी छाती पर चढ़ दरिंदो ने व्रती महिला के साथ खुले आसमान तले दुष्कर्म कर वीडियो किया वायरल। मुझे छोड़ दो, मैंने आज सहा (व्रत) किया है। बिहार मे जिउतिया था और बच्चों की लंबी उम्र के लिए व्रत करने वाली एक मां का दुष्कर्म हुआ। बेहद शर्मनाक अनैतिक बाबू।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493