आईएसएल-5 : रोमांचक मुकाबला, बेंगलुरू-जमशेदपुर मैच ड्रॉ

बेंगलुरू, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेंगलुरू एफसी ने यहां कांतिरावा स्टेडियम में रविवार को इंडियन सुपर लीग (आईएएसएल) के पांचवें सीजन के अपने दूसरे मुकाबले में जमशेदपुर एफसी के खिलाफ 2-2 से रोमांचक ड्रॉ खेला।

मैच के अंतिम दस मिनट में दो गोल हुए और दोनो टीमों को अंक बांटने पड़े। बेंगलुरू के लिए निशु कुमार और कप्तान सुनील छेत्री जबकि मेहमान टीम के लिए गौरव मुखी एवं सर्जिओ सिडोनचा ने गोल किए। 16 वर्षीय गौरव मुखी आईएसएल में गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

जमशेदपुर ने मैच की धीमी शुरुआत की और अपने हाफ में गेंद पर नियंत्रण बनाने पर विश्वास दिखाया। मेहमान टीम के लिए आस्ट्रेलियाई दिग्गज टिम केहिल ने भी अपना पहला मैच खेला।

बेंगलुरू ने 13वें मिनट में जमशेदपुर के डिफेंस को भेदन में कामयाबी पाई। मिडफील्डर उदांता सिंह ने दाएं फ्लेक पर विपक्षी टीम के डिफेंडर को छकाते हुए शानदार दौड़ लिगाई लेकिन वह बॉक्स में मौजूद कप्तान सुनील छेत्री को पास नहीं दे पाए।

मेजबान टीम के अटैक से जमशेदपुर सर्तक हो गई। मेहमान टीम के खिलाड़ियों ने भी आक्रमण करने का प्रयास किया और 24वें मिनट में फ्री-किक अर्जित करने में कामयाब रहे। डिफेंसिव मिडफील्डर मारियो आक्र्वेस ने प्रयास किया, हालांकि उनके शॉट से गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

इसके बाद, दोनों टीमों ने बेहतरीन अटैक किए लेकिन कामयाबी बेंगलुरू के हाथ लगी। 45वें मिनट में शिस्को हर्नाडीज ने दाईं छोर से बॉक्स में पास दिया जिसे जमशेदपुर के डिफेंडर तिरी ने क्लियर करने की कोशिश की लेकिन बॉक्स के बाहर मौजूद युवा डिफेंडर निशु ने दमदार वॉली लगाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया।

मैच में पिछड़ने के कारण मेहमान टीम ने दूसरे हाफ की शुरुआत से ही अटैक किया। जमशेदपुर के मिडफील्डर जेरी मावहमिंगथंगा ने 57वें मिनट में मेजबान टीम के डिफेंस भेदते हुए बेहतरीन दौड़ लगाई और उन्हें बॉक्स में निशु ने गिरा दिया। हालांकि, रेफरी ने जमशेदपुर के खिलाड़ी को पेनाल्टी नहीं दी।

सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए मिडफील्डर मोबाशिर रहमान ने एक मिनट बाद 20 गज की दूरी से शॉट लिया जिस पर संधू ने डाइव लगाकर शानदार बचाव किया।

जमशेदपुर के आक्रामक रुख से मेजबान टीम के डिफेंडरों को बहुत परेशानी हुई और 81वें मिनट में वे गलती कर बैठे। आक्र्वेस ने बॉक्स के बाहर से फारवर्ड खिलाड़ी गौरव को पास दिया जिन्होंने गोल करके अपनी टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया।

मेहमान टीम की यह बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रही। 88वें मिनट में छेत्री ने हेडर के जरिए गोल करके अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। मैच का रोमांच यहीं खत्म नहीं हुआ और इंजुरी टाइम (94वें मिनट) में सिडोनचा ने जमशेदपुर के लिए बराबरी का गोल दागा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493