कांग्रेस नेता ने पूछा, क्या ऑफसेट नीति रद्द हो चुकी है?

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम के लिए 5.4 अरब डॉलर के भारत-रूस सौदे में किसी प्रकार के ऑफसेट क्लॉज नहीं होने की खबरों के बीच कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सोमवार को सवाल उठाया कि क्या रक्षा सौदों में ऑफसेट नीति रद्द की जा चुकी है।

तिवारी ने ट्विटर पर पूछा कि क्या नीति में संशोधन के लिए कैबिनेट ने फैसला ले लिया है और क्या भविष्य में होने वाले रक्षा सौदों के लिए कोई ऑफसेट नहीं होगा?

उन्होंने कहा, “क्या यह सच है कि 5.4 अरब डॉलर (39,000 करोड़) एस-400 समझौते में कोई ऑफसेट घटक नहीं है? क्या ऑफसेट नीति रद्द की जा चुकी है?”

तिवारी ने ट्वीट कर कहा, “क्या भविष्य में ऑफसेट नहीं रहेंगे? अगर ऐसा है तो महान मेक इन इंडिया का क्या होगा? अगर नहीं, तो फिर ऑफसेट साझेदार कौन है?”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच यहां 19वें भारत-रूस वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और रूस ने शुक्रवार को एस-400 ट्रायम्फ लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति के लिए सौदे को अंतिम रूप दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493