पंजाब सरकार गुरुवार को पदक विजेताओं को सम्मानित करेगी

चंडीगढ़, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब सरकार इस वर्ष गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों और जकार्ता में हुए एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को गुरुवार को चंडीगढ़ में स्टेट अवार्ड और नकद पुरस्कार से सम्मानित करेगी।

पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह पदक जीतने वाले 23 पुरुष खिलाड़ियों और महिला खिलाड़ियों को 155 करोड़ रुपये की ईनामी राशि से सम्मानित करेंगे।

पंजाब के खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक और एशियाई खेलों में तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य के पदक जीते थे।

राणा सोढी ने कहा कि नयी खेल नीति के अनुसार गोल्ड कोस्ट में हुये राष्ट्रमंडल खेलों और जकार्ता में हुये एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले पंजाब के खिलाड़ियों को अब तीन गुणा बढ़ी हुई इनाम राशि के साथ सम्मानित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य के पदक विजेता को क्रमश: 75 लाख, 50 लाख और 40 लाख रुपये तथा एशियाई खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमश : एक करोड़, 75 लाख और 50 लाख रुपये की नगद राशि से सम्मानित किया जायेगा।

खेल मंत्री ने कहा कि जिन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा उनमें निशानेबाज हिना सिद्धू, राष्ट्रमंडल खेल में ही स्वर्ण पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी प्रणव चोपड़ा, रजत पदक विजेता निशानेबाज अंजुम मोदगिल्ल, वेटलिफटर प्रदीप सिंह, कांस्य पदक विजेता एथलीट नवजीत कौर ढिल्लों और वेटलिफटर विकास ठाकुर हैं।

वहीं एशियाई खेलों के पदक विजेताओं में एथलीट तजिन्दरपाल सिंह तूर और अरपिन्दर सिंह और रोइंग खिलाड़ी स्वर्ण सिंह विर्क और सुखमीत सिंह, रजत पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी रणदीप कौर खैहरा, हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर और रीना खोखर, कांस्य पदक विजेता रोइंग खिलाड़ी भगवान सिंह हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493