महिला सशक्तीकरण दौड़ धौलपुर पहुंची

धौलपुर(राजस्थान), 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने मध्य प्रदेश-राजस्थान की सीमा पर चंबल नदी के ऊपर शनिवार को महिला सशक्तीकरण दौड़ का स्वागत किया। धौलपुर जिले के प्रवेश पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर का स्वागत करते हुए कहा कि वह जिले में 35 किमी तक उनके साथ चलेंगी।

उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर को उनकी माता और भाजपा की महिला मोर्चा की पहली अध्यक्ष राजमाता विजया राजे सिंधिया की याद में ग्वालियर से दिल्ली 400 किमी लंबी महिला सशक्तीकरण रिले मैराथन दौड़ आयोजित करने के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें राजस्थान में हर कदम पर महिला सशक्तीकरण दिखेगा।

चंबल के बाद यात्रा मुचकुंडा, ए.बी. रोड, गुलाब बाग, धौलपुरए जीटी रोड़ मंड़ी के पास से गुजरी। यहां जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और फूल बरसाकर अपना समर्थन व्यक्त किया। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने यात्रा में शामिल सभी महिलाओं को दुर्गा और शक्ति का स्वरूप बताते हुए कहा कि जब अत्याचार बढ़ गए थे तो दुर्गा का अवतार हुआ था। दौड़ने वाली सभी बच्चियां, युवतियां और महिलाएं दुर्गा का ही अवतार हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने राजमाता विजय राजे सिंधिया के प्रति लोगों के आदर को साझा करते हुए कहा कि कई बार जब वह यात्रा पर जाती हैं तो लोग उनको प्रणाम करने या उनके पांव छूने के लिए आगे बढ़ते हैं। वह उन्हें ऐसा करने से मना करती हैं तो लोग कहते हैं कि वे महिला मोर्चा की पहली अध्यक्ष राजमाता विजय राजे सिंधिया को अपनी श्रद्धांजलि और आदर व्यक्त कर रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण दौड़ के नाम से आयोजित यह मैराथन दौड़ पांच राज्यों, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली से होकर गुजरेगी। इस मैराथन में शुरू से लेकर अंत तक 375 किमी के बीच 100 महिलाएं दौड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493