नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश राज्य मंत्री एम. जे. अकबर रविवार को विदेश दौरे से वापस लौटे और कहा कि वह खुद पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर बयान जारी करेंगे।
अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने उस समय यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है जब वह संपादक हुआ करते थे।
हवाईअड्डे पर संवाददाताओं के सवालों की बौछार के जवाब में मंत्री ने कहा, “बाद में इस पर बयान जारी किया जाएगा।” उन्होंने इस पर और कुछ कहने से इनकार कर दिया।
लेखक व संडे पत्रिका और एशियन एज समाचार पत्र के पूर्व संपादक अकबर ने सात अक्टूबर से अपने अकाउंट पर कोई ट्वीट नहीं किया है।
ऐसा माना जा रहा है कि अकबर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिल सकते हैं।
अकबर कांग्रेस सांसद रह चुके हैं। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
यौन उत्पीड़न के खिलाफ ‘मी टू’ अभियान के जोर पकड़ने के बाद कई महिला पत्रकारों ने अकबर पर उस समय यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया जिस दौरान वह कई समाचार पत्रों में संपादक रहे थे।
विपक्ष ने उनके इस्तीफे की मांग की है।
dharmpath.com dharmpath