पंजाब में आतंकी संपर्को के लिए 2 गिरफ्तार

चंडीगढ़, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने एक खालिस्तानी गिरोह के दो सदस्यों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। यह गिरोह कथित तौर पर अमृतसर शहर में पोस्टर-बैनर लगाकर खालिस्तानी जनमत संग्रह 2020 के प्रचार में संलिप्त है।

पुलिस ने कहा कि सुखराज सिंह और मलिक सिंह को गिरफ्तार किया गया और उनके पास बैनर व पोस्टर बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री जब्त की गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्हें न्यूयॉर्क स्थित संगठन, सिख फॉर जस्टिस के गुरपरताप सिंह पन्नू द्वारा शुरू किए गए अभियान के हिस्से के रूप में विदेशों से पैसे मिल रहे थे।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि दोनों पर अभियान के जरिए युवाओं को प्रेरित कर घृणा फैलाने और लोगों को भड़काने की कोशिश करने के लिए भारतीय दंड संहिता के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि विश्वस्त सूत्रों से पता चला कि खालिस्तान जनमत संग्रह 2020 का संदेश फैलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

सुखराज बेरोजगार है और उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले एक साल से सिख फॉर जस्टिस के साथ जुड़ा हुआ है और विभिन्न स्थानों पर अभियान के पोस्टर लगाए थे।

इसके लिए उसे अभी तक दो लाख रुपये मिल चुके थे। वह आमतौर पर धन स्थानांतरण और हवाला माध्यमों से तथा कई बार दूसरे लोगों के खातों के जरिए धन प्राप्त करता था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493