अमृतसर हादसे के लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं : लोहानी

अमृतसर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी ने शनिवार को पंजाब के अमृतसर में हुए रेल हादसे में रेलवे की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।

अमृतसर में दशहरे पर रावण दहन के दौरान एक ट्रेन की चपेट में आकर 60 लोगों की मौत हो गई थी।

लोहानी ने कहा कि जोड़ा फाटक पर जालंधर-अमृतसर डीजल मल्टीपल यूनिट (डीएमयू) यात्री ट्रेन के लोको पायलट ने ब्रेक लगाए थे।

लोहानी ने संवाददाताओं को बताया, “ट्रेन तय स्पीड पर चल रही थी और ऐसी उम्मीद नहीं थी कि लोग ट्रैक पर खड़े होंगे। यह पूरी तरह से ट्रेसपासिंग का मामला है। रेलवे ट्रैक से जुड़े दशहरे कार्यक्रम के बारे में रेलवे को कई जानकारी नहीं दी गई थी।”

यह घटना शुक्रवार शाम को धोबी घाट के पास हुई, जहां लोग रावण दहन देखने आए थे।

लोहानी ने कहा कि घटनास्थल दो स्टेशनों के बीच का हिस्सा है, जहां ट्रेन ट्रैक के मुताबिक नियत स्पीड पर चलती है।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना रेलवे के इंटरलॉक लेवल क्रॉसिंग से लगभग 340 मीटर की दूरी पर हुई।

लोहानी ने कहा कि रेलवे ने सड़क यातायात को विनियमित करने के लिए मानव लेवल क्रॉसिंग पर अपने स्टाफ की नियुक्ति की।

लोको पायलट की जिम्मेदारी के बारे में पूछे जाने पर लोहानी ने कहा, “हमारी शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि लोको पायलट ने ब्रेक लगाए थे और स्पीड 90 किलोमीटर प्रतिघंटे से कम होकर लगभग 60-65 किलोमीटर प्रतिघंटा हो गई थी। हम अभी भी स्पीडोमीटर चार्ट की जांच कर रहे हैं।”

उन्होंने जनता से रेलवे ट्रैक पर नहीं चलने की हिदायत देते हुए कहा, “रेलवे नियमित तौर पर लोगों को जागरूक करता रहता है कि रेलवे ट्रैक पर चहलकदमी नहीं करें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493