उप्र : जाम में फंसी प्रसूता ने जीप में बच्चे को जन्म दिया

बांदा, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार शाम मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान प्रसव पीड़ा से कराह रही एक प्रसूता की जीप भक्तों की भीड़ में फंसी रही।

इस दौरान असहाय मां ने जीप में ही बच्चे को जन्म दे दिया।

मामला भूरागढ़ केन नदी के पुल का है। यहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान देवी भक्तों ने पूरी सड़क को जाम कर दिया था। इस दौरान अछरौंड़ गांव की महिला प्यारी (28) को प्रसव पीड़ा होने पर उसके परिजन जीप से जिला महिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन देवी भक्तों के सड़क पर ही नाच-गाना करने के कारण जीप जाम में फंस गई। अलबत्ता प्रसूता ने जीप में ही बच्चे को जन्म दे दिया।

प्रसूता के पति दिनेश ने शनिवार को बताया, “हमने 108 नंबर डायल कर एंबुलेंस के लिए फोन किया था, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। मजबूरी में किराए की जीप से पत्नी को ले जाना पड़ा था। भूरागढ़ पुल के पास केन नदी में दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जित कर रहे लोगों ने जाम लगा रखा था। वहां मौजूद पुलिस से भी मदद की गुहार लगाई, लेकिन सब बेकार रहा और पत्नी ने जीप में ही बच्चे को जन्म दे दिया।”

जिला महिला अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रमोद ने बताया, “परिजनों ने प्रसव के बाद देर रात जज्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया है, दोनों स्वस्थ्य हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493