बैडमिंटन : दूसरे डेनमार्क ओपन खिताब से चूकीं सायना (लीड-1)

ओडेंसे (डेनमार्क), 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल रविवार को दूसरी बार डेनमार्क ओपन खिताब जीतने से चूक गईं।

सायना को महिला एकल वर्ग के फाइनल में चीनी ताइपे की खिलाड़ी ताई जु यिंग ने मात दी।

वर्ल्ड नम्बर-1 यिंग ने सायना को 52 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 13-21, 21-6 से मात देकर पहली बार डेनमार्क ओपन का खिताब अपने नाम किया।

पहले गेम को यिंग ने 15 मिनट के भीतर 21-13 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में सायना ने वापसी की और यिंग को पछाड़ते हुए 21-13 से जीत हासिल कर 1-1 से बराबरी कर ली।

तीसरे गेम में यिंग ने पूरी तरह से सायना पर दबाव बनाए रखा और उन्हें अंक हासिल करने के मौके नहीं दिए। इस कारण सायना को तीसरे गेम में यिंग के खिलाफ 6-21 से हार मिली और उन्हें खिताब से भी हाथ धोना पड़ा।

सायना ने 2012 में डेनमार्क ओपन का खिताब अपने नाम किया था। वह इस खिताब को जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। हालांकि, वह दूसरी बार इस खिताब को नहीं जीत पाईं।

इस खिताबी जीत के साथ ही यिंग किसी भी वर्ग में डेनमार्क ओपन टूर्नामेंट जीतने वाली चीनी ताइपे की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।

वर्ल्ड नम्बर-10 सायना और यिंग के बीच अब तक कुल 18 मुकाबले हो चुके हैं। इसमें से 13 मुकाबले यिग ने जीते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493