त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मिजोरम में चुनाव प्रचार करेंगे

अगरतला/आइजोल, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और राज्य के अन्य (भारतीय जनता पार्टी) भाजपा नेता कांग्रेस शासित मिजोरम में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

भाजपा प्रवक्ता नबेंदु भट्टाचार्जी ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया, “मुख्यमंत्री मंगलवार को मिजोरम के लिए रवाना होंगे, जबकि समाज कल्याण मंत्री सांतना चकमा, पार्टी विधायक शंभू लाल चकमा और पार्टी महासचिव प्रतिमा भौमिक पहले से ही राज्य में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि देब और राज्य के अन्य नेता मिजोरम में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। देब भाजपा त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष भी हैं।

भट्टाचार्जी ने कहा, “कांग्रेस शासित राज्य में चल रहे चुनाव प्रचार में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे, क्योंकि उनके नेतृत्व में भाजपा ने त्रिपुरा पर पिछले 25 वर्षो से राज कर रहे वाम दल को उखाड़ फेंका था।”

मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों में से कम से कम पांच सीटें त्रिपुरा के साथ सीमा साझा करती हैं।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले सप्ताह मिजोरम में प्रचार अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने सभी 40 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की भी घोषणा की थी।

मिजोरम में भाजपा नेताओं ने जोर देकर कहा है कि वह कांग्रेस को राज्य की सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और पूर्वोत्तर को भगवा रंग में रंग देंगे।

क्षेत्र में मिजोरम ही एकमात्र कांग्रेस शासित प्रदेश है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493