जबलपुर में प्रतिमा विसर्जन में विवाद, कई वाहन फूंके

जबलपुर, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार सुबह नर्मदा नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प हो गई। भीड़ ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय ने नर्मदा नदी में प्रतिमा विसर्जन पर रोक लगाई थी, जिसके चलते प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग से कुंड बनाया गया था, मगर काली माता पड़ाव समिति के लोग कुंड में प्रतिमा विसर्जन को तैयार नहीं हुए, इसी पर विवाद हो गया। सोमवार रात लगभग दो बजे विसर्जन जुलूस शुरू हुआ और ग्वारीघाट पहुंचने से पहले मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे पुलिस व भीड़ में झड़प हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भीड़ प्रतिमा विसर्जन के लिए ग्वारीघाट जाना चाहती थी और पुलिस ने उसे ऐसा नहीं करने दिया, जिससे भीड़ उग्र हो गई और उसने वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, भीड़ के बढ़ते उपद्रव के बीच पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले छोड़े, जिसके बाद हालात नियंत्रित हुआ। पुलिस ने इस उपद्रव से जुड़े 40 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि हालात अब पूरी तरह काबू में है, और भीड़ के पथराव में पुलिस जवानों को भी चोटें आई हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493