शिलांग, 6 नवंबर (आईएएनएस)। न्यायमूर्ति प्रणय कुमार मुसाहरे को मंगलवार को मेघालय के पहले लोकायुक्त के चेयरमैन के रूप में शपथ दिलाई गई।
मुसाहरे गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
राज्यपाल तथागत रॉय ने राजभवन में एक समारोह में न्यायमूर्ति मुसाहरे को पद की शपथ दिलाई।
इस समारोह में पर्यटन मंत्री मेतबाह लिंगदोह, शिक्षा मंत्री लहकमेन राम्बई, विपक्ष के नेता मुकुल संगमा व वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद रहे।
मुसाहरे ने शपथग्रहण के बाद मीडिया से कहा, “मैं लोगों से भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के बारे में शिकायत दाखिल कर लोकायुक्त के साथ सहयोग करने की अपील करता हूं।”
उन्होंने कोनराड संगमा की अगुवाई वाली सरकार से लोकायुक्त के अन्य चार सदस्यों की नियुक्ति के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया।
मुसाहरे ने कहा, “मैं सरकार से आयोग के सचिव जैसे अधिकारियों की नियुक्ति करने का आग्रह करूंगा, जो शिकायत में लगाए गए आरोपों के बारे में प्राथमिक जांच करेगा।”
dharmpath.com dharmpath