पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने का काम जारी : मंत्री

इस्लामाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि वाशिंगटन और इस्लामाबाद के बीच रिश्तों को दोबारा से मजबूत करने का कार्य प्रगति पर है और आने वाले दिनों में दोनों देश अपने कार्यो को बढ़ाएंगे।

उन्होंने मंगलवार को विदेश कार्यालय में मीडिया को बताया, “यह शुरुआती संकेत हैं। हमें याद रखना चाहिए कि द्विपक्षीय संबंधों में गतिरोधों को दूर किया जाना चाहिए।”

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री दौरे पर आईं ब्यूरो ऑफ साउथ एंड सेंट्रल एशियन अफेयर्स की अमेरिकी मुख्य उपसहायक विदेश सचिव एलिस वेल्स को लेकर सवालों का जवाब दे रहे थे।

वेल्स ने वित्त मंत्री असद उमर से मुलाकात की और विदेश कार्यालय में प्रतिनिधि स्तरीय वार्ता की।

कुरैशी ने कहा कि अंतर-मंत्रालयी सत्र अच्छा रहा और वेल्स ने पाकिस्तानी पक्ष को सूचित किया कि वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी व्यापार व ऊर्जा सहयोग के प्रसार पर वार्ता के लिए पाकिस्तान का दौरा करेंगे।

डॉन न्यूज के मुताबिक विदेश कार्यालय ने इस बीच एक बयान में कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने कुरैशी और विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के बीच हुई बैठक में निकले निष्कर्षो की समीक्षा की। कुरैशी और पोम्पियो ने बैठक के दौरान पारस्परिक विश्वास और सम्मान पर आधारित संबधों के फिर से बनाने पर सहमति जताई थी।

पाकिस्तानी पक्ष ने कहा, “दोनों पक्ष क्षेत्र में शांति और स्थिरता के साझा उद्देशयों के प्रसार का प्रयास जारी रखने और द्विपक्षीय संबंधों को बदलने पर सहमत हुए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493