उप्र : पत्नी, बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर पति फरार

बांदा, 8 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार शाम एक युवक ने अपने ससुर व साले की मौजूदगी में पत्नी और ढाई महीने के बेटे की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छत से कूद कर फरार हो गया।

घटना बदौसा थाना क्षेत्र के चंदौर गांव के गर्गपुर डेरा की है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लाल भरत कुमार पाल ने गुरुवार को बताया कि चंदौर गांव के गर्गपुर डेरा में बुधवार शाम युवक रोहित शुक्ला (26) ने मायके जाने की तैयारी कर रही पत्नी नीलम (23) और ढाई महीने के बेटे की अपने ससुर और साले की मौजूदगी में कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मकान की छत से कूद कर फरार हो गया।

एएसपी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच दो दिन से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, नीलम ने फोन कर अपने मायके से पिता व भाई को ससुराल बुला लिया था।

नीलम मायके जाने की तैयारी कर रही थी। उसी समय आरोपी रोहित कमरे के अंदर गया और साउंड बॉक्स में गाने की आवाज तेज कर मां-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि नीलम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बच्चे की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। घटना के समय नीलम के पिता और भाई बाहर अन्य लोगों से विवाद के संबंध में बातचीत कर रहे थे।

बदौसा के थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि मृतका के पिता उमाशंकर की शिकायत पर आरोपी युवक रोहित के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटनास्थल से हथियार बरामद कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493