बैडमिंटन : समीर सैयद मोदी चैम्पियनशिप के फाइनल में

लखनऊ, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी समीर वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां जारी सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

तीसरी सीड समीर ने शनिवार को यहां पुरुष एकल सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के चिको औरा वाडरेयो को एक कड़े मुकाबले में 21-13, 17-21, 21-8 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

समीर ने 57 मिनट में यह मैच जीता। वर्ल्ड नंबर-16 समीर का वर्ल्ड नंबर-100 वाडरेयो के खिलाफ यह पहला मुकाबला था।

भारतीय खिलाड़ी ने जोरदार शुरुआत करते हुए पहला गेम 21-13 से जीत लिया। इसके बाद दूसरे गेम में वह थोड़ा पीछे रह गए और 17-21 से गेम गंवा बैठे।

तीसरे और निर्णायक गेम में समीर ने एकतरफा प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले तो 12-5 की बढ़त बनाई और फिर इसके बाद लगातार अंक लेकर 21-8 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया।

महिला युगल में चौथी सीड अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने भी फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है।

भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में पांचवीं सीड रूस की एकातेरीना बोलतोवा और एलिना डेवलेतोवा की जोड़ी को 38 मिनट में शिकस्त देकर फाइनल में कदम रखा।

इस बीच, मिश्रित युगल में सात्विक सिराज रेंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

चीन के ओयु श्यॉन्वी और फेंग श्योइंग की जोड़ी ने छठी सीड भारतीय जोड़ी को 56 मिनट में 21-12 18-21 21-19 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493