एंटिगा, 25 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हीटर नाइट ने आस्ट्रेलिया के हाथों आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप का खिताब गंवाने के बाद विपक्षी टीम की तारीफ की है।
इंग्लैंड को यहां शनिवार देर रात सर विवियन रिचर्डस मैदान पर खेले गए आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप के फाइनल में आस्ट्रेलिया से आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
नाइट ने मैच के बाद कहा, “मुझे लगा कि यह पिच सेमीफाइनल वाले मैच से अच्छा है। डेनियल वॉट ने हमें अच्छी शुरुआत दी लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गंवाना टीम को भारी पड़ गया। हम जानते थे कि यहां ओस होगा, इसलिए हम बोर्ड पर अधिक रन लगाना चाहते थे।”
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अपने सभी विकेट गंवाकर 105 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसे आस्ट्रेलिया ने 15.1 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर ही हासिल कर लिया।
नाइट ने कहा, ” मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है जिन्होंने एक बार फिर टीम को फाइनल में पहुंचाया लेकिन आस्ट्रेलिया ने आज हमसे अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। टीम में कई कम अनुभव वाले खिलाड़ियों के होने से हमें इसकी कीमत चुकानी पड़ी।”
dharmpath.com dharmpath