बीएचयू में ‘पंडित जी’ के सपने बसे हैं : प्रधानमंत्री

imagesवाराणसी, 25 दिसम्बर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में पंडित मदन मोहन मालवीय के सपने बसे हुए हैं। आने वाले दिनों में उनके सपनों को संजोकर रखना और उन्हें पूरा करना हमारे लिए बड़ी चुनौती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीएचयू में आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि दुनिया में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की कमी है और इसे अकेले भारत ही दूर कर सकता है।

बकौल प्रधानमंत्री, “मालवीय जी के नाम से योजना का उदघाटन करना सौभाग्य की बात है। देश में उत्तम शिक्षकों की कमी है। 21वीं सदी भारत के लिए ज्ञान और विकास की सदी होगी।”

उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया को शिक्षक भेज सकता है। गरीब और अमीर सभी लोगों को अच्छे शिक्षकों की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति है और इसका उपयोग हम अपनी शक्ति बढ़ाने में कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया के सभी देशों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की बात मानी है। जो काम पिछले 100 वर्षो में नहीं हुआ था, वह 100 दिन के भीतर हो गया।

मोदी ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी ताकत है। काशी में पर्यटकों को खींचने की अदभुत शक्ति है। पूरी दुनिया से लोग यहां बाबा भोलेनाथ और अन्य धार्मिक स्थलों पर घूमने के लिए आते हैं। हमें इस बात पर विचार करना चाहिए कि कैसे अधिक से अधिक पर्यटक बनारस पहुंचें।

इससे पूर्व अस्सी घाट पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने सफाई अभियान में जुटे सभी स्वयंसेवी संगठनों, नगर निगम के कर्मचारियों, सामान्य प्रशासन और आम लोगों का आभार जताया।

उन्होंने अभियान से जुड़ने के लिए नौ लोगों को नामित किया। इसमें किरण बेदी, हास्य कलाकार कपिल शर्मा, पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सौरव गांगुली, मीडिया समूह इंडिया टुडे ग्रुप के अरुण पुरी, मीडिया इनाडु ग्रुप के रामोजी राव, इंडियन चार्टर्ड अकाउंटेंट इंस्टीच्यूट, मुंबई के डिब्बेवाले, नृत्यांगना सोनल मानसिंह और नगालैंड के राज्यपाल पद्मनाभ आचार्य शामिल हैं।

इससे पूर्व बाबतपुर हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उप्र के स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी की।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493