प्रो कबड्डी लीग : पुनेरी को हराकर गुजरात टॉप पर

पुणे, 29 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात फार्च्यूनजाएंट्स ने गुरुवार को पुनेरी पलटन को एकतरफा अंदाज में 35-20 से हराकर प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन में जोन-ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

यहां श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स में खेले गए मुकाबले में गुजरात की टीम हाफ टाइम तक 20-11 से आगे थी। टीम ने दूसरे हाफ में भी इस प्रदर्शन को बरकरार रखा और मैच जीत लिया।

गुजरात की जोन-ए में 15 मैचों में यह 11वीं जीत है और अब वह 63 अंकों के साथ छह टीमों की अंक तालिका में टॉप पहुंच गई है। वहीं, पुनेरी को 18 मैचों में नौवीं हार का सामना करना पड़ा है। पुनेरी 47 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है।

विजेता गुजरात के लिए सचिन ने सात, के प्रापरंजन ने पांच और कप्तान सुनील कुमार, रोहित गुलिया तथा रुतुराज कोरावी ने चार-चार अंक लिए। टीम को रेड से 13, टैकल से 14, ऑलआउट से चार और चार अतिरिक्त अंक मिले।

वहीं, पुनेरी के लिए संदीप नरवाल ने सात और गिरिश मारुती एरनक ने चार अंक बटोरे। टीम ने रेड से छह, टैकल से 12 और दो अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।

पुणे लेग का यह आखिरी मैच था और अब इसके बाद शुक्रवार से दिल्ली लेग शुरू होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493