मुंबई, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। नवविवाहित रणवीर सिंह सुखद वैवाहिक जीवन का रहस्य जानते हैं। उनके अनुसार पत्नी जो भी कहे, उसके लिए ‘हां’ कहें।
रणवीर ने शनिवार रात आयोजित शादी के रिसेप्शन में दीपिका पादुकोण को देखते हुए यह बात कही, जहां महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर क्रिकेट-जगत से एम.एस. धौनी जैसी हस्तियां मौजूद थीं।
कार्यक्रम में अमिताभ ने अपने गीत ‘जुम्मा चुम्मा’ पर डांस किया और सुपरस्टार शाहरुख खान अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के साथ ‘छईयां छईयां’ पर थिरके।
रणवीर और दीपिका ने मुंबई में शनिवार को द ग्रैंड हयात में शादी का रिसेप्शन आयोजित किया, जिसमें बॉलीवुड, खेल और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में न केवल बिग बी और शाहरुख, बल्कि करिश्मा कपूर और वरुण धवन ने भी रणवीर के साथ ‘जुड़वा’ के गीत पर डांस किया।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के पति राज कुंद्रा ने एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें रणवीर ज्ञान भरी बातें करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में वह दीपिका की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, “जीवन में सफलता की कुंजी यह है कि वह (पत्नी) जो भी कहें, उस पर ‘हां’ कहें।”
dharmpath.com dharmpath