आईएसएल-5 : दिल्ली को आज हर हाल में चाहिए जीत

नई दिल्ली, 3 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली डायनामोज हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में अगले चरण की दौड़ से बाहर होती जा रही है।

लीग के पांचवें सीजन में आधे सफर गुजर जाने के बाद भी उसे अब तक पहली जीत नहीं मिली है।

दिल्ली 10 टीमों की तालिका में सबसे नीचे है और आज उसका सामना यहां अपने घर में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुंबई सिटी एफसी से होना है। यह मैच जीतना दिल्ली के लिए अनिवार्य है, क्योंकि इसी से उसकी आगे जाने की उम्मीदें जिंदा रहेंगी।

दिल्ली की टीम एक या दो मैचों को छोड़ दिया जाए तो हर मैच में अच्छा खेली है लेकिन वह अपने सामने आए मौकों को नहीं भुना पाई है। अगर वह आगे के मैचों में भी सामने आए मौकों को नहीं भुना पाती है तो उसके लिए आगे के सफर की कल्पना करना बेकार है।

दिल्ली की टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन फिनिशिंग के मामले में यह दूसरी टीमों से पीछे रह जा रही है। गोम्बोउ को आशा है कि उनके खिलाड़ी इस विभाग में सुधार करते हुए एक इकाई के तौर पर खेलते हुए सीजन की पहली जीत हासिल करेंगे।

दिल्ली की टीम ने 10 मैचों से सिर्फ चार अंक जुटाए हैं।

वहीं, मुंबई की टीम नौ दिनों में तीन मैच खेलेगी। इनमें से दो मैच घर से बाहर होने हैं। कोच जॉर्ज कोस्टा की टीम ने दिल्ली को अपने घर में 2-0 से हराया था लेकिन इसके बावजूद मुंबई के कोच दिल्ली की टीम को हल्के में नहीं ले रहे हैं।

मुंबई की टीम ने इस सीजन में घर से बाहर अच्छा खेल दिखाया है। उसने चार में से तीन मैच जीते हैं लेकिन मुंबई की टीम ने काफी कम गोल किए हैं। दिल्ली और मुंबई ने इस सीजन में सात-सात गोल किए हैं, जो इस साल का संयुक्त न्यूनतम योग है।

मुंबई के खाते में आए सात गोलों में से छह विदेशी खिलाड़ियों ने किए हैं जबकि दिल्ली के लिए सात में से पांच गोल भारतीय खिलाड़ियों ने किए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493