दिल्ली में राम मन्दिर के लिए विहिप की धर्मसभा रविवार को

नई दिल्ली, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद ने रविवार को यहां रामलीला मैदान में विशाल धर्मसभा का आयोजन कर रखा है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

विहिप की तरफ से यहां शुक्रवार को जारी एक बयान के अनुसार, सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस धर्मसभा को जूना अखाड़ा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी, श्रीजगन्नाथ पीठाधीश्वर जगद्गुरू रामानंदाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य, महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद, परमानंद जी, साध्वी ऋतंभरा, आरएसएस के सरकार्यवाह सुरेश (भैया जी) जोशी, विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) विष्णु सदाशिव कोकजे और कार्याध्यक्ष आलोक कुमार सहित अनेक लोग संबोधित करेंगे।

विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री करुणा प्रकाश ने बयान में कहा है कि रामभक्तों की सुविधा हेतु सभा स्थल व आस-पास के लगभग दो-तीन किलोमीटर के दायरे में दर्जन भर से अधिक बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि रामलीला मैदान न पहुंचने वाले भी कार्यक्रम से वंचित न रह पाएं।

बयान के अनुसार, जगह-जगह राम के बड़े-बड़े चित्र व कलश रखे जाएंगे, जिनमें लोग अपने-अपने घरों से लाए संकल्प पुष्प अर्पित कर सकेंगे।

बयान में कहा गया है कि एनसीआर से आने वाली बसों व अन्य वाहनों के लिए 16 स्थानों पर पार्किं ग केंद्र बनाए गए हैं। हर पार्किं ग स्थल पर पेयजल, शौचालय तथा घोषणा प्रणाली की व्यवस्था होगी।

बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व पंजाब से जुड़ने वाली राजधानी की सभी सीमाओं पर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। सभी आगंतुकों के लिए भोजन व पानी के पैकेट स्वागत द्वार पर ही दिए जाएंगे। जगह-जगह मार्ग-दर्शिका लगाई जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493