गडकरी की तबीयत अब ठीक (लीड-2)

अहमदनगर(महाराष्ट्र), 7 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी लो शुगर के कारण शुक्रवार को एक समारोह में बेहोश होकर गिर पड़े। वह मधुमेह से पीड़ित हैं। हालांकि, आराम करने के बाद वह शिर्डी के साई बाबा का दर्शन करने गए।

यह घटना तब हुई, जब वह महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ (एमपीकेवी) कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्र गान के लिए अन्य गणमान्य लोगों के साथ खड़े हुए थे।

गडकरी अचानक असहज महसूस करने लगे और अपना संतुलन खोकर मंच पर गिर पड़े। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.वी. राव और कुछ अन्य नेता उन्हें गिरने से बचाने के लिए उनकी ओर दौड़े।

उन्हें एक स्थानीय सरकारी अतिथि गृह ले जाया गया और आपात चिकित्सा दल ने उनके स्वास्थ्य की जांच की।

मधुमेह के मरीज गडकरी की हालत को भाजपा के उनके सहयोगियों ने ‘स्थिर’ बताया है।

उन्होंने कुछ घंटों बाद खुद ट्वीट कर अपनी हालत की जानकारी दी।

गडकरी ने कहा, “लो शुगर के कारण तबीयत थोड़ी खराब हो गई। डॉक्टरों ने जांच की है और मैं अब ठीक हूं। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं।”

अतिथित गृह में थोड़ी देर आराम करने के बाद गडकरी हेलीकॉप्टर में सवार होकर शिर्डी के विश्व प्रसिद्ध श्री साईबाबा समाधि मंदिर के दर्शन के लिए गए और बाद में निजी उड़ान से अपने गृहनगर नागपुर के लिए रवाना हो गए।

पार्टी के सहयोगियों ने कहा कि शायद ज्यादा व्यस्तता के कारण गडकरी की तबीयत बिगड़ी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493