पटना, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां से शनिवार को ‘जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ बिहार के सभी जिलों में सरकार द्वारा किए गए कार्यो से लोगों को अवगत कराएगा।
मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में यह ‘जागरूकता रथ’ प्रखंड स्तर तक तथा द्वितीय चरण में गांव और हाट, बाजार तक लोगों के बीच पहुंचेगा।
जागरूकता रथ के साथ कला जत्था के कलाकार की साथ में होंगे जो सरकार द्वारा चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यक्रमों के संबंध में विशेषकर समाज सुधार जैसे शराबबंदी, देहज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह उन्मूलन के दिशा में उठाए गए कदम के प्रति लोगों को जागरूक करेगा।
जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को लगभग एक घंटे की फिल्म दिखाई जाएगी। यह फिल्म सरकार के सात निश्चय, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, वंचित वर्गो के उत्थान, प्रशासनिक सुधार, सामाजिक सुधार, कृषि सहित सभी महवपूर्ण क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए कार्यो को प्रदर्शित करेगी।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मनीष कुमार वर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कला जत्था द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिला अधिकारी कुमार रवि समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath