मजदूर संगठन हड़ताल : गोवा में कर्मचारियों का शांतिपूर्ण मार्च

पणजी, 8 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ मजदूर संघों के लगभग हजार सदस्यों ने एकजुट होकर मंगलवार को यहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

यह मार्च देशभर के 10 केंद्रीय मजदूर संघों के सदस्यों द्वारा आयोजित गतिविधियों का ही हिस्सा था। संघों ने दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है।

कई बैंकों, परिवहन, औद्योगिक कार्यबल संघों के अलावा गोवा सरकार का कर्मचारी संघ भी हड़ताल में शामिल है। इसके चलते राज्य सरकार को आवश्यक सेवा रख-रखाव अधिनियम लागू करने पर बाध्य होना पड़ा।

गोवा सरकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जॉन नजरेथ ने कहा, “हम सभी निगमों और स्वायत्त संस्थाओं के लिए सातवें वेतन आयोग को लागू करने और सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए पेंशन योजना को क्रियान्वित करने सहित मांगों का समर्थन करते हैं।”

गोवा माकपा के महासचिव क्रिस्टोफर फोन्सेका ने यहां संवाददाताओं को बताया, “दो दिवसीय हड़ताल के जरिए हमारा उद्देश्य केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के कारण देश के विभिन्न सेक्टरों में मजदूर बल की जिन तकलीफों का सामना करना पड़ता है, उन्हें उजागर करना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493