महागठबंधन पर सवाल उठाने पर नीतीश पर भड़के लालू

पटना, 9 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन के भविष्य पर सवाल उठाए जाने के बाद राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने नीतीश को ‘दगाबाज’ बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को शर्म भी नहीं आती।

चर्चित चारा घोटाले में सजा काट रहे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार पर बुधवार को निशाना साधते हुए याद दिलाया कि वह जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह महागठबंधन की ही देन है।

लालू के ट्विटर हैंडल से बुधवार को ट्वीट कर कहा गया है, “जो आदमी महागठबंधन के वोट से कुर्सी पर बैठा है। जिसने दिनदहाड़े जनादेश की डकैती की, 11 करोड़ बिहारियों के जनादेश का अपमान किया है, वह किस जुबान से महागठबंधन का भविष्य बता रहा है। ऐसे पलटू दगाबाजों को शर्म भी नहीं आती।”

उल्लेखनीय है कि नीतीश ने सोमवार को बिहार में महागठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़ा करते हुए कहा था कि लोकसभा चुनाव में राजग की जीत तय है और नरेंद्र मोदी एकबार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे।

गौरतलब है कि लालू इन दिनों चारा घोटाले के कई मामलों में दोषी पाए जाने के बाद जेल की सजा काट रहे हैं। अस्वस्थ रहने के कारण वह इन दिनों रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493