केआईवाईजी (निशानेबाजी) : सरताज के सिर 50 मीटर 3 पोजिशन स्पर्धा का ताज

पुणे, 15 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब के निशानेबाज सरताज सिंह ने अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए यहां जारी खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी)-2019 के सातवें दिन मंगलवार को 50 मीटर 3 पोजिशन राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

16 साल के सरताज ने लड़कों के अंडर 21 वर्ग में 3 पोजिशन राइफल स्पर्धा में राष्ट्रीय जूनियर चैम्पियन मध्य प्रदेश के एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को करीबी मामले में मात देकर सोना जीता। सरताज ने फाइनल में 447.2 जबकि तोमर ने 447.1 का स्कोर किया। मध्य प्रदेश के ही हर्षित बिंजवा ने 436.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

तेलंगाना की 13 साल की ईशा सिंह ने लड़कियों की अंडर-17 वर्ग में और महाराष्ट्र की हर्शदा निथावरे ने अंडर-21 वर्ग के 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। ईशा ने फाइनल में 241.3 का और हर्शदा ने 236.3 का स्कोर किया।

अंडर-17 का रजत पदक महाराष्ट्र की अनुष्का पाटिल (234.7) और कांस्य पदक महाराष्ट्र की ही श्रावरी भोइर (213.6) के हिस्से में आया।

अंडर-21 का रजत पदक उत्तर प्रदेश की युविका तोमर (235.6) और कांस्य पदक पंजाब की श्वेता देवी (211.8) ने जीते।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493