सीरियाई संविधान समिति लॉन्च करने की समय सीमा नहीं : गुटेरेस

संयुक्त राष्ट्र, 19 जनवरी (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि सीरिया में संविधान समिति लॉन्च करने की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है, लेकिन इस काम को यथासंभव जल्द से जल्द करने की जरूरत है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुए एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीरिया को एक संविधान समिति की आवश्यकता है, जो ‘वास्तव में संतुलित’ हो और सीरिया के सभी लोगों को स्वीकार्य हो।

गुटेरेस ने कहा कि संविधान समिति के लिए संयुक्त राष्ट्र की सूची को पिछले साल सीरियाई सरकार द्वारा अस्वीकार किए जाने के बाद से अतिरिक्त परामर्श की आवश्यकता होगी।

सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के नए दूत गेयर पेडरसन अगले हफ्ते रूस सरकार के साथ सीरियाई संविधान समिति के काम पर चर्चा करने के लिए मॉस्को जाएंगे।

पेडरसन ने इस सप्ताह दो दिनों के लिए दमिश्क का दौरा किया था और सीरियाई नेतृत्व के साथ बातचीत की थी। गुटेरेस ने कहा कि वार्ता बहुत रचनात्मक थी।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि राजनीतिक समाधान के बिना सीरिया की समस्या का कोई हल नहीं है और समस्या का हल निकालने के संबंध में संयुक्त राष्ट्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493