मप्र में बावरिया की कार्यशैली से पार्टी को नुकसान : कांग्रेस विधायक

विदिशा, 22 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से निर्वाचित कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी (बावरिया) कार्यशैली से पार्टी को विधानसभा चुनाव में बड़ा नुकसान हुआ है। अगर यही उन्हें लोकसभा चुनाव में करना है तो वे वापस गुजरात चले जाएं।

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। सोमवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस बैठक में मौजूद विधायक भार्गव ने बावरिया पर जमकर हमले बोले।

बैठक का जो वीडियो मंगलवार को सामने आया है, उसमें भार्गव ने बावरिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

बैठक में भार्गव ने कहा, “विधानसभा चुनाव से पहले उम्मीदवारों को लेकर कई पर्यवेक्षक भेजे गए, तीन बार हारे लोगों को उम्मीदवार न बनाने की बात कही गई। मगर जब टिकट बंटे तो ऐसे लोग भी टिकट पा गए जो तीन से चार बार हारे हैं। विदिशा के चार विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव इसी वजह से हारे हैं।”

भार्गव ने तो बैठक में यह भी कहा, “अब फिर यही कहा जा रहा है कि लोकसभा में उम्मीदवार उन्हें नहीं बनाया जाएगा जो विधानसभा चुनाव हारे हैं, ऐसा कहने से पार्टी को नुकसान होता है, बावरिया को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, अगर उन्हें विधानसभा चुनाव जैसा करना है तो गुजरात वापस चले जाएं।”

भार्गव से जब आईएएनएस ने संपर्क किया तो उन्होंने स्वीकार किया कि, ‘बैठक में उन्होंने बावरिया के बयानों और पर्यवेक्षकों को भेजने का मसला उठाया था।’

भार्गव ने कहा, “विधानसभा में बार-बार पर्यवेक्षक भेजने से पार्टी को नुकसान हुआ था, यही लोकसभा में करेंगे तो नुकसान होने की संभावना है, इसी बात को बैठक में उठाया था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493