भाजपा विपक्षी दलों को परेशान कर रही : ममता

कोलकाता, 25 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल देश की विपक्षी पार्टियों को परेशान करने के लिए कर रही है।

केंद्रीय जांच ब्यूरो ने भूमि आवंटन में कथित अनियमितता के सिलसिले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है, जिसके बाद बनर्जी ने ट्वीट कर यह बयान दिया है।

भगवा पार्टी पर ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ का आरोप लगाते हुए, उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जा रहा है और इसके साथ ही पूछा कि क्या भाजपा डर गई है या हताश है?

उन्होंने ट्वीट किया, “इसलिए राजनीतिक प्रतिशोध जारी है। भाजपा और उसकी ‘सहयोगी’, जिसमें कई सरकारी एजेंसियां शामिल हैं, कोलकाता से लेकर दिल्ली और अन्य जगहों पर विपक्षी गठबंधन को परेशान कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा,”अखिलेश यादव से मायावतीजी तक, किसी को भी नहीं बख्शा गया है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक। पूर्व से लेकर पश्चिम तक। भाजपा का राजनीतिक प्रतिशोध। क्या वे डर गए हैं? क्या वे हताश हो गए हैं?”

सीबीआई ने शुक्रवार को हुड्डा और कई अन्य के खिलाफ गुरुग्राम में 2009-12 के दौरान 1,417 एकड़ भूमि आवंटित करने में कथित अनियमितता के संबंध में नया मामला दर्ज किया है और मामले के संबंध में हरियाणा, दिल्ली व पंजाब में 20 जगहों पर छापे मारे गए हैं।

केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर इशारा करते हुए, बनर्जी ने कहा, “बिना नेतृत्व वाली एजेंसी अब रीढ़विहीन भाजपा बन गई है।”

सीबीआई ने इसके अलावा गुरुवार को पश्चिम बंगाल के फिल्म निर्माता श्रीकांत मोहता को करोड़ों रुपये के रोज वैली चिटफंड घोटाले में गिरफ्तार किया था। मोहता को तृणमूल कांग्रेस का करीबी माना जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493