आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को बालुरघाट में उतरने की इजाजत नहीं दी : भाजपा

बालुरघाट (पश्चिम बंगाल), 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पश्चिम बंगाल सरकार पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया।

आदित्यनाथ को दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट व उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में दो रैलियों को संबोधित करना था।

भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने बालुरघाट में जिलाधिकारी ए.डी.पी. पालराज के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

जिला भाजपा के नेताओं के अनुसार, पार्टी अनुमति लेने की कोशिश के अलावा वैकल्पिक इंतजाम कर रही थी, जिससे कि आदित्यनाथ यहां रैली को संबोधित कर सकें।

उनके अनुसार, उन्होंने अग्रिम तौर पर अनुमति की मांग की थी, लेकिन उन्हें अंतिम समय पर कहा गया कि मामले में अभी आखिरी निर्णय लिया जाना है।

इस घटना को राज्य में ‘अघोषित आपातकाल’ का स्पष्ट उदाहरण बताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने जिलाधिकारी के तत्काल निलंबन की मांग की।

उन्होंने कहा, “यह पश्चिम बंगाल में अघोषित आपातकाल का स्पष्ट तौर पर उदाहरण है। आप एक अन्य राज के मुख्यमंत्री से ऐसा कैसे व्यवहार कर सकते है? उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बंगाल में अतिथि हैं।”

उन्होंने कहा, “बंगाल की संस्कृति मेहमानों के साथ शिष्टाचार से पेश आना है। लेकिन इस मामले में उन्होंने उनके (योगी के) हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इससे ज्यादा अभद्र कुछ नहीं हो सकता। यह बंगाल में भाजपा की प्रगति से तृणमूल कितनी डरी हुई है, इसे प्रदर्शित करता है।”

यह हालिया दूसरी विवाद की घटना है, जिसमें भाजपा के बड़े नेता के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं देने से विवाद पैदा हुआ है। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ भी ऐसा मामला हो चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493