लेवरकुसेन, 3 फरवरी (आईएएनएस)। बायर लेवरकुसेन ने उलटफेर करते हुए जर्मन लीग की मौजूदा चैम्पियन बायर्न म्यूनिख को 20वें दौर के मैच में 3-1 से पराजित किया जबकि एक अन्य मैच में बोरुशिया डॉर्टमंड ने इनट्रैक्ट फ्रैंकफर्ट से ड्रॉ खेला।
समचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, इस हार के बाद बायर्न तालिका में 42 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है जबकि लेवरकुसेन 30 अंकों के साथ सातवें स्थान पर काबिज है।
मैच का पहला गोल बायर्न के लिए लियोन गोरटेज्का ने 41वें मिनट में दागा लेकिन दूसरा हाफ मेजबान टीम के नाम रहा।
लियोन बेली ने 53वें मिनट में फ्री-किक के जरिए लेवरकुसेन के लिए बराबरी का गोल किया।
बराबरी को गोल करने के बाद मेजबान टीम का आत्मविश्वास बढ़ा। 63वें मिनट में केविन वोलांड ने गोल करके अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया।
मैच का अंतिम गोल 87वें मिनट में हुआ। यह गोल लुकस अलारियो के नाम रहा।
एक अन्य मैच में तालिका में शीर्ष पर मौजूद डॉर्टमंड ने फ्रैंकफर्ट के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला।
इस मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमों ने गोल किए। डॉर्टमंड के लिए मार्को रोइस ने 22वें मिनट में गोल किया जबकि लुका योविक ने मेजबान टीम के लिए 36वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।
डॉर्टमंड के 49 अंक हो गए हैं जबकि फ्रैंकफर्ट 32 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर मौजूद है।
dharmpath.com dharmpath