मुजफ्फरपुर, 6 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिन दहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पर धावा बोलकर करीब पांच करोड् रुपये मूल्य का सोना लूट लिया और उसके बाद वे वहां से फरार हो गए। इस क्रम में उन्होंने कंपनी के प्रबंधक के साथ मारपीट भी की।
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनोज कुमार ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र स्थित मुथूट फाइनेंस के कार्यालय में ग्राहक के रूप में प्रवेश कर बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर वहां के कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। प्रबंधक द्वारा विरोध करने पर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बदमाश वहां बैग में रखा सोना लेकर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लुटेरों की संख्या पांच-छह बताई जा रही है। वे वहां रखे नकद दो लाख रुपये भी अपने साथ ले गए हैं।
कुमार ने कहा कि घटना की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। घायल प्रबंधक को इलाज के लिए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath